भोपाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कैदी को दिया VIP ट्रीटमेंट, जेल प्रशासन ने दो प्रहरियों पर लिया एक्शन

भोपाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कैदी को दिया VIP ट्रीटमेंट, जेल प्रशासन ने दो प्रहरियों पर लिया एक्शन
 भोपाल। भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती जालसाजी के आरोपित किशन मोदी को कथित तौर पर वीआईपी सुविधाएं दिए जाने के मामले में जेल प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। केंद्रीय जेल भोपाल के अधीक्षक ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में जेल प्रहरी सुदीप शर्मा और एमके मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

600 करोड़ के कारोबारी पर 19.69 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप

जय श्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स ('मिल्क मैजिक') के प्रबंध निदेशक (एमडी) किशन मोदी पर दूध में पाम आयल मिलाकर 19.69 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। बताया जाता है कि वह करीब 600 करोड़ रुपये के कारोबार से जुड़ा है। किशन मोदी 13 मार्च से केंद्रीय जेल भोपाल में बंद है। हृदय रोग के उपचार के नाम पर उसे 4 जुलाई से हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल में सुरक्षा नियमों की अनदेखी

मामले में सामने आया कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरती गई। आरोपित अस्पताल के बेड पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता मिला। उसके लिए बाहर से भोजन और बोतलबंद पानी भी लाया जा रहा था। वहीं, सुरक्षा में तैनात जेल प्रहरी निगरानी करने के बजाय बेंच पर आराम करते दिखाई दिए। इस घटना के बाद अस्पताल में कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

स्वास्थ्य रिपोर्ट का अब भी इंतजार

जेल प्रबंधन किशन मोदी की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर हमीदिया अस्पताल से दो बार फीडबैक मांग चुका है, लेकिन अब तक अस्पताल की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। इस संबंध में जब हमीदिया अस्पताल के डॉ. प्रवीण शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।


Advertisement