भारत ने वेनेजुएला की मदद के लिए 'ऑपरेशन अमिस्ताद' चलाया है। यह ऑपरेशन साबित कर रहा है कि एक सच्चे दोस्त की तरह भारतीय वेनेजुएला के लोगों के साथ खड़े हैं। 41 सदस्यों वाले इस मानवीय मिशन में बचाव विशेषज्ञ और मेडिकल पेशेवर शामिल हैं। यह मिशन स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर खोज और बचाव कार्यों में मदद करने के साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और मानवीय राहत सामग्री पहुंचाएगा।
भारत सरकार ने क्या कहा है
भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि वेनेजुएला के लोगों के साथ एकजुटता दिखाते हुए भारत ने विनाशकारी भूकंप के बाद राहत कार्यों के लिए मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभियान 'ऑपरेशन अमिस्ताद' शुरू किया है। इस अभियान के तहत, भारतीय वायु सेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमान 26 जून 2026 की सुबह वेनेजुएला गए हैं। इनमें मानवीय राहत सामग्री और 41 सदस्यीय बचाव दल शामिल था, जो राहत और बचाव कार्यों में सहायता करेगा।मंत्रालय के मुताबिक राहत सामग्री में एक आत्मनिर्भर भारतीय चिकित्सा दल, एचएडीआर पैलेट और दवाओं से लैस भारतीय सेना का एक फील्ड अस्पताल, 30 टन राहत सामग्री, 6 टन दवाएं और चिकित्सा उपकरण और 2 भीष्म क्यूब पोर्टेबल अस्पताल शामिल थे। बयान में कहा गया है कि इस कठिन समय में भारत वेनेजुएला सरकार और वहां के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
वेनेजुएला में भूकंप
वेनेजुएला में 24 जून 2026 को आए विनाशकारी दोहरे भूकंपों के कारण अब तक 1,450 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। एक मिनट के भीतर आए 7.1 और 7.5 की तीवर्ता के इन भूकंपों में तान हजार से ज्यादा लोग घायल हैं। अभी भी 50 हजार ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।वेनेजुएला में बुधवार, 24 जून कीशाम को ये दो बहुत तेज भूकंप आए, जिसमें जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। खासतौर से राजधानी काराकस में कई इमारतों जमींदोज हो गईं। ये दोहरे भूकंप वेनेजुएला में एक सदी से भी ज्यादा समय में एक साथ आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से हैं।











