MP में 'जो दगा न दे, वही लड़ेगा चुनाव'- नगर निगम और नगर पालिकाओं के लिए प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का प्रभारियों को सख्त संदेश

MP में 'जो दगा न दे, वही लड़ेगा चुनाव'- नगर निगम और नगर पालिकाओं के लिए प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का प्रभारियों को सख्त संदेश

भोपाल। वर्ष 2027 में प्रस्तावित नगरीय निकायों के चुनावों के संबंध में कांग्रेस ने संगठनात्मक और रणनीतिक तैयारी प्रारंभ कर दी है। इसे लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई बड़ी बैठक में सबसे अधिक जोर प्रत्याशी चयन पर दिया गया है।

जिला और विधानसभा प्रभारियों से कहा गया है कि निकायों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने तक प्रत्याशी लगभग तय हो जाना चाहिए।

वफादार प्रत्याशी के चयन पर फोकस

पार्टी ऐसा इसलिए करने जा रही है कि प्रत्याशी को क्षेत्र में प्रचार करने का पर्याप्त अवसर मिल सके। बैठक में सबसे अधिक जोर इस बात पर रहा है कि प्रत्याशी पार्टी के प्रति वफादार हो। ऐसा नहीं कि जीतने के बाद वह छोड़कर चला जाए।

पुराने अनुभवों से लिया सबक

बता दें कि कांग्रेस का पिछले चुनाव का अनुभव इस मामले में ठीक नहीं रहा है। वर्ष 2022 में 16 नगर पालिका निगम के चुनाव में पांच में कांग्रेस जीती थी, जिनमें तीन पार्टी छोड़कर जा चुके हैं। इस कारण पार्टी का सबसे अधिक जोर प्रत्याशी चयन को लेकर है।

यह भी पढ़ें- सरकारी विभागों में 40% पद खाली, प्रदेश में 1 करोड़ से ज्यादा युवा बेरोजगार, जीतू पटवारी का सरकार पर बड़ा हमला

99 नगर पालिका के लिए कार्य योजना पर चर्चा

बैठक को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और अन्य प्रदेश पदाधिकारियों ने संबोधित किया। 16 नगर निगम क्षेत्र के लिए बैठक करने के बाद शनिवार को 99 नगर पालिका के लिए कार्य योजना पर चर्चा हुई। इसमें सभी निकायों के निर्वाचित अध्यक्ष, पार्षद और पराजित रहे प्रत्याशियों को बुलाया गया था।
उल्लेखनीय है कि 2022 में हुए चुनाव में कांग्रेस को कई निकायों में प्रत्याशी तक नहीं मिले थे। 27 प्रतिशत ओबीसी और 50 प्रतिशत महिला आरक्षण के साथ चुनाव होंगे। भाजपा ने भी निकाय चुनाव की तैयारी आरंभ कर दी है।

Advertisement