भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 से 17 जुलाई तक नई दिल्ली के भारत मंडपम् में आयोजित भारत टेक्स-2026 में देश-विदेश के प्रमुख टेक्सटाइल निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और वैश्विक ब्रांडों से संवाद कर मध्य प्रदेश में निवेश के नए अवसरों को गति देंगे।
एकल उद्योग बैठकों, राउंड टेबल चर्चा, समझौता ज्ञापनों और निवेशक संवाद के माध्यम से राज्य में टेक्सटाइल, गारमेंट एवं फुटवियर क्षेत्र में नया निवेश आकर्षित करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
विशेष पेवेलियन में दिखाई जाएगी मध्य प्रदेश की औद्योगिक क्षमता
भारत टेक्स-2026 में मध्य प्रदेश का विशेष पेवेलियन राज्य की उद्योग हितैषी नीतियों, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, कौशल विकास, पीएम मित्र पार्क तथा टेक्सटाइल क्षेत्र की संपूर्ण औद्योगिक श्रृंखला को वैश्विक उद्योग जगत के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगा।
निवेश, रोजगार और तकनीकी सहयोग पर होगी चर्चा
- मुख्यमंत्री की देश-विदेश की प्रमुख टेक्सटाइल एवं गारमेंट कंपनियों के साथ प्रस्तावित एकल बैठकों में नए निवेश, उत्पादन क्षमता विस्तार, निर्यात वृद्धि, रोजगार सृजन तथा तकनीकी सहयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इस अवसर पर केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह भी उपस्थित रहेंगे।
- निवेश संवर्धन, कौशल विकास, निर्यात प्रोत्साहन और औद्योगिक सहयोग को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। साथ ही अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों द्वारा जनवरी 2027 में मध्य प्रदेश में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भागीदारी और निवेश के प्रति अपनी रुचि भी व्यक्त किए जाने की संभावना है।
- भारत टेक्स-2026 में विशेष राउंड टेबल बैठक में टेक्सटाइल एवं गारमेंट उद्योग से जुड़े 100 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। निवेश से जुड़े विषयों पर उद्योग जगत के सुझाव प्राप्त कर राज्य में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार और निवेश को नई गति देने की दिशा में आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।











