इंग्लैंड में कुलदीप यादव गेंद और बल्ले से छाप छोड़ रहे, लिस्ट ए करियर का पहला छक्का भी मारा
नई दिल्ली: भारतीय टीम के बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। 194 वनडे विकेट ले चुके कुलदीप तीनों मैचों में बेंच पर रहे। सीरीज खत्म होने के बाद कुलदीप ने वनडे कप के लिए काउंटी क्लब यॉर्कशायर के साथ करार किया। टीम के लिए वह अभी तक तीन मैच खेल चुके हैं। इसमें उन्होंने गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी छाप छोड़ी है।
कुलदीप यादव ने तीन मैचों 6 विकेट झटके
यॉर्कशायर के लिए तीन मैचों में कुलदीप यादव ने अभी तक 6 बल्लेबाजों को आउट किया है। उन्होंने इस दौरान 26.5 ओवर डाले हैं और सिर्फ 4.88 की इकोनॉमी से रन दिए हैं। तीनों मैचों में कुलदीप ने 2-2 विकेट लिए हैं। यॉर्करशायर को अपने पहले मैच में हार मिली थी। लेकिन कुलदीप यादव के आने के बाद से खेले तीनों मैच में टीम ने जीत हासिल की है।कुलदीप ने 12 गेंदों पर 22 रनों की पारी खेली
ससेक्स के खिलाफ मुकाबले में कुलदीप यादव के बल्ले से 22 रनों की पारी निकली। उन्होंने ये रन सिर्फ 12 गेंदों पर बनाए। अपनी पारी में कुलदीप ने 3 चौके और एक छक्का मारा। 139 मैचों के लिस्ट ए करियर में कुलदीप के बल्ले से निकला यह पहला छक्का है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 7 जबकि टी20 में तीन छक्के मारे हैं। ग्लेमोर्गन के खिलाफ मैच में मुश्किल विकेट पर कुलदीप ने 23 गेंद पर 12 रन बनाए। 151 रन पर 7 विकेट गिरने के बाद उन्होंने 8वें विकटे के लिए फिंले बीन के साथ 34 रन जोड़े। टीम ने अंत में मैच को 2 विकेट से जीत लिया।











