भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र में एटीएम बूथ के अंदर चालाकी से कार्ड बदलकर महिला के खाते से 29 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। घटना आनंद नगर स्थित बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम की है। पुलिस के अनुसार राम मंदिर के पीछे आनंद नगर निवासी वर्षा सराठे (39) 5 मई 2025 को एटीएम से रुपये निकालने पहुंची थीं।
युवकों ने भटकाया महिला का ध्यान
उस समय एटीएम के बाहर खड़े दो युवक भी भीतर आ गए और सर्वर डाउन होने की बात कहकर महिला का ध्यान भटकाने लगे। इसी दौरान महिला का एटीएम कार्ड नीचे गिर गया और आरोपितों ने भी अपना कार्ड गिरा दिया। एक जैसे कार्ड होने के कारण महिला ने गलती से आरोपितों का कार्ड उठा लिया, जबकि आरोपित उसका कार्ड लेकर वहां से चले गए।
पुलिस ने केस दर्ज शुरू की जांच
बाद में आरोपितों ने महिला का पिन देखकर उसके खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 29 हजार रुपए निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलने पर महिला ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की पहचान के लिए पुलिस एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।











