एमसीबी, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े के मार्गदर्शन में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनदर्शन आयोजित किया गया। जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने भूमि मुआवजा, राहत राशि, भवन एवं सड़क निर्माण, जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांगजनों के सहायक उपकरण, आंगनबाड़ी भवन मरम्मत, डीएमएफ राशि और अनुकंपा नियुक्ति सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने आवेदकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रकरणों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
भूमि मुआवजा और राहत राशि से जुड़े आवेदन
जनदर्शन में बरबसपुर निवासी गौरी शंकर ने रेलवे परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि की मुआवजा राशि दिलाने, बंजी निवासी रामकृष्ण ने मुआवजा प्रदान करने तथा बरबसपुर निवासी कल्याण सिंह ने राज्यमार्ग के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग की। मेंड्रा निवासी इंद्र कुंवर ने राहत राशि के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
मनेंद्रगढ़ निवासी द्वारिका प्रसाद सोनी ने जर्जर एवं क्षतिग्रस्त मकान को डिसमेंटल कराने तथा मनवारी के ग्रामीणों ने बंधान निर्माण की मांग रखी।
भवन, सड़क और पंचायत कार्यों से जुड़े मामले भी पहुंचे
रोकड़ा निवासी ओम प्रकाश ने अतिरिक्त भवन निर्माण की द्वितीय एवं अंतिम राशि दिलाने का आवेदन दिया। ग्राम पंचायत डुगला और रोझी के सरपंचों ने आंगनबाड़ी भवन मरम्मत की स्वीकृति, जबकि साल्ही के सरपंच ने सड़क निर्माण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति की मांग रखी। पेंड्री के सरपंच ने निर्माण कार्यों की राशि तथा तेंदुडांड की सरपंच मायावती ने डीएमएफ की द्वितीय किस्त जारी करने का आवेदन दिया। खोंगापानी निवासी विहारी लाल शुक्ला ने एनएच-43 स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्थायी बैठने की व्यवस्था कराने की मांग की।
प्रमाण पत्र, दिव्यांग सहायता और अनुकंपा नियुक्ति के आवेदन
झगराखांड निवासी सुरेंद्र प्रसाद चौधरी ने जाति प्रमाण पत्र, जबकि खोंगापानी निवासी दीपक पाल ने ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। मनेंद्रगढ़ निवासी मंजू देवांगन ने पति की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति की मांग रखी।
च्यूल निवासी जमुना यादव ने फर्जी भू-आवंटन पट्टे को निरस्त करने की शिकायत की। चिरमिरी निवासी संजीव कुमार सिंह ने पदस्थापना एवं अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े मामले की जांच की मांग की। बेनीपुरा निवासी सुशीला सिंह ने भी न्याय दिलाने संबंधी आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया।
पात्रता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का तथ्यात्मक परीक्षण एवं नियमानुसार निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन के प्रावधानों के अनुरूप लाभ दिलाने के साथ आवेदकों को उनके प्रकरण की प्रगति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
जनदर्शन के माध्यम से जिला प्रशासन नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर दे रहा है, जिससे जनहित से जुड़े मामलों का स्थानीय स्तर पर प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
