भोपाल।आषाढ़ शुक्ल नवमी यानी भड़ली नवमी के विशेष एवं पावन संयोग पर रायसेन रोड, पटेल नगर स्थित जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर में गुप्त नवरात्रि महापर्व का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर पंडित मनोज शर्मा ने यजमान श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव, ट्रस्टी श्रीमती अर्चना नामदेव एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को माँ मातंगी और माँ कमला की संयुक्त पूजा विधि-विधान से संपन्न कराई।
नौ दिवसीय अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा अखंड दीप प्रज्वलित किया गया। भक्तों ने राष्ट्र की सुख-शांति एवं समृद्धि तथा परिवार के मंगल और सुख-सौभाग्य की कामना करते हुए आध्यात्मिक पुण्य लाभ प्राप्त किया। नवमी पर भगवान शिव की विशेष आराधना कर विश्व कल्याण की प्रार्थना भी की गई।
रुद्राक्ष पौधे की प्रथम वर्षगांठ पर पूजन गुप्त नवरात्रि के समापन अवसर पर मंदिर परिसर में लगाए गए रुद्राक्ष पौधे की प्रथम वर्षगांठ पर भी विशेष पूजन किया गया। ट्रस्ट अध्यक्ष शिवरतन नामदेव, ट्रस्टी श्रीमती अर्चना नामदेव सहित श्रद्धालुओं ने रुद्राक्ष का पूजन कर उसके स्वस्थ विकास की मंगलकामना की। सनातन परंपरा में रुद्राक्ष को भगवान शिव का प्रिय और अत्यंत पवित्र माना गया है।
इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष शिवरतन नामदेव ने कहा कि पौधारोपण के साथ उसकी जिम्मेदारी निभाना भी हमारा कर्तव्य है। शुरुआती तीन वर्षों में नियमित सिंचाई, देखभाल और संरक्षण से पौधा स्वस्थ एवं मजबूत बनता है। उन्होंने आह्वान किया कि “वृक्ष लगाएं और उसकी जिम्मेदारी भी निभाएं।” प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण के साथ उसके संरक्षण का संकल्प लेकर पर्यावरण एवं प्रकृति की सेवा में योगदान दे।











